|
अम्मानः शबाब अल ओर्दुन ने गत विजेता अल फैसली पर २-१ के औसत की जीत दर्ज कर पहली बार एएफसी कप के खिताब पर कब्जा किया है। शुक्रवार को अम्मान इंटरनेशनल स्टेड़ियम पर दूसरे चरण का मैच १-१ से बराबर रहा मगर एक सप्ताह पूर्व पहले चरण में मिली १-० की जीत शबाब अल ओर्दुन के काम आई। अल फैसली के हायथम अल शबौल ने १२वें मिनट में ही गोल कर औसत स्कोर १-१ कर दिया था मगर मुस्तफा अबुरोमेह शबाब अल ओर्दुन के हीरो रहे जिन्होने मध्यांतर से ठीक पहले बराबरी का गोल किया। लगातार तीसरे एएफसी कप को जीतने के लिए मैदान में उतरे अल फैसली को आज जीत की दरकार थी और सौभाग्य से अल शबौल की फ्री-किक का सही अंदाजा शबाब के गोलकीपर अहमद नव्वास न लगा सके और गेंद जाली में चली गई। इस गोल ने शबाब को चौका दिया और उसके दस मिनट बाद उन्हें एक मौका मिला था मगर अबुरोमेह से अल फैसली के डिफेंडर मोहम्मद मोनिर ने गेंद झटकी। मध्यांतर से चार मिनट पहले अल फैसली के पास इस बढ़त को दोगुना करने का अवसर था मगर ईराकी डिफेंडर हैदर हुसैन का शॉट सीधे नव्वास के हाथों में गया। खेल के ४३वें मिनट में सलेह ताहा के तिरछे पास पर अबुरोमेह ने हैडर के जरिए गोल कर शबाब को १-१ की बराबरी दिलाई। शबाब अल ओर्दुन ने उसके बाद बेहतरीन रक्षण किया और उनके गोलकीपर नव्वास ने कई अच्छे बचाव कर अपनी टीम को पहली बार यह खिताब दिलाया।
|