|
अम्मानः जॉर्डन कप विजेता शबाब अल ओर्दुन अपने ही देश के अल फैसली के खिलाफ एएफसी कप फायनल के दूसरे चरण में पहले मैच में मिली १-० की जीत के विश्वास के साथ उतरेगा। अम्मान इंटरनेशनल स्टेड़ियम पर शुक्रवार को होने वाले इस मैच में शबाब अल ओर्दुन की कोशिश अल फैसली को इस स्पर्धा में लगातार तीसरा खिताब जीतने से रोकने की होगी। शबाब अल ओर्दुन के सीरीयाई कोच निज़ार माहरौस इस बात को जानते है कि अल फैसली के पास ऐसे मुकाबलों में वापसी का अनुभव है। 'पहले हाफ में हम इतना अच्छा खेल नहीं दिखा सके थे मगर हम नतीजे से खुश है। हम पहले चरण के नतीजे को भुलाकर दूसरा मैच खेलेंगे।' 'हमें अल फैसली की काबिलियत का अंदाजा है और पहले चरण में न खेल सके उनके कुछ खिलाड़ी इसमें खेलेंगे। हमारे डिफेंडर विसाम अल बझौर भी इस मैच में हमारे साथ होंगे और हम अल फैसली को रोकने का पूरा प्रयास करेंगे।' अल फैसली को हसूना अल शेख, मोहम्मद खमीस और गोलकीपर लोआइ अल अमैरेह की सेवाएँ उपलब्ध होंगी जो पहले चरण में निलंबन के कारण नहीं खेल सके थे। उनके ईराकी कोच अदनान हमद ने कहा - 'यह हमारा लगातार तीसरा फायनल है और हम एक बार फिर खिताब जीतना चाहते है। हम जानते है कि हम एक गोल से पीछे है मगर मुकाबले के लिए तैयार है।' 'शबाब अल ओर्दुन वैसे रक्षात्मक खेल खेलते है और वे प्रत्युत्तर में आक्रमण करते है।' 'हमारे पास जीतने के अलावा कोई विकल्प नहीं है जबकि शबाब अल ओर्दुन के लिए ड्रॉ भी काफी होगा। इसलिए हमें आक्रामक खेल दिखाना होगा।'
|