|
अम्मानः दूसरे हाफ में ओदाइ अल सैफी द्वारा किए गए एकमेव गोल की मदद से शबाब अल ओर्दुन ने गत विजेता अल फैसली पर एएफसी कप फायनल के पहले चरण में शुक्रवार को १-० की आश्चर्यजनक जीत दर्ज की है। अल सैफी द्वारा ५२वें मिनट में तगड़े शॉट के जरिए किया यह गोल उनका स्पर्धा में पाँचवा गोल था और जॉर्डन के दोनों क्लबों के बीच हो रहे इस फायनल मुकाबले में इसके कारण उनकी टीम को ९ नवंबर के दूसरे चरण में लाभ होगा। निलंबन के कारण अल फैसली के पास हसूना अल शेख, मोहम्मद खमीस और गोलकीपर लोआइ अल आमैरेह की सेवाएँ उपलब्ध नहीं थी। अल फैसली ने इसके बावजूद अच्छी शुरूआत की मगर शबाब अल ओर्दुन को पहला अवसर मिला जब उनके एसाम अबू तौक का शॉट २७वें मिनट में गोल के ऊपर से चला गया। ३०वें मिनट में अल फैसली को अवसर मिला मगर मोआयाद सलीम के शॉट से शबाब के गोलकीपर अहमद नव्वास को कोई तकलीफ नहीं हुई। अल फैसली के स्ट्राइकर बस्साम अल खतीब विपक्षी टीम के लिए खतरा साबित हो रहे थे मगर मध्यांतर तक कोई भी टीम गोल न कर सकी। मध्यांतर के पाँच मिनट बाद अल फैसली के अनास हिजाह का शॉट बाहर गया तो उसके दो मिनट बाद शबाब अल ओर्दुन ने गोल कर अल्फैसली को चौका दिया। अल सैफी ने दूर से मिले पास पर गेंद को अच्छे से नियंत्रित किया और उसके बाद लगाए गए शॉट को अल फैसली के गोलकीपर झापेन अल खावालदेह रोक न सके। अल फैसली ने उसके बाद बराबरी का भरपूर प्रयास किया तथा सिराज अल ताल का हैडर ६५वें मिनट में नव्वास ने रोका। अल फैसली के लगातार हमले जारी थे मगर वे गोल करने में कामयाब न हो सका।
|