|
अम्मानः गत विजेता अल फैसली को आशा है कि एएफसी कप में उनका अनुभव अपने ही देश के शबाब अल ओर्दुन के खिलाफ होने वाले फायनल के पहले चरण में उनके काम आएगा। शुक्रवार शाम होने वाले इस मुकाबले में दो बार से इस खिताब को जीत रहे अल फैसली टीम आत्मविश्वास से भरी होगी क्योंकि सेमीफायनल में उन्होने अपने ही देश के अल विहदात को हराया था। दूसरी ओर शबाब अल ओर्दुन ने लेबनान के अल नजमा को १-० के औसत से पराजित कर पहली बार इस स्पर्धा के अंतिम मुकाबले में जगह बनाई थी। अल फैसली के पास स्ट्राइकर मोआयाद अबुकेशेक की सेवाएँ उपलब्ध नहीं होंगी जिन्हें किर्गिस्तान के खिलाफ जॉर्डन के फीफा वर्ल्ड कप पात्रता दौर मुकाबले के दौरान चोट लगी थी। अल फैसली के कोच अदनान हमद का मानना है कि उनकी टीम की हालत सेमीफायनल मुकाबले से बेहतर है। 'हमारा ध्येय लगातार तीसरी बार खिताब जीतना है। हमारी टीम के काफी खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम की ओर से खेल रहे थे इसलिए हमें कम समय मिला मगर इसके बावजूद हमारी तैयारी अच्छी रही।' 'हम शबाब अल ओर्दुन को जानते है और हाल के मुकाबलों में हमारा पलड़ा भारी रहा था। हालाँकि यह एएफसी कप का फायनल है और यह मैच विशेष होगा।' दूसरी ओर शबाब अल ओर्दुन चोटग्रस्त खिलाड़ियों के कारण जुझ रहा है। उनके रफात मोहम्मद, बस्साम अल खतिब और वासिम अल बझोर को लगी चोट सीरीयाई कोच निज़ार महरौस के लिए चिंता का कारण है। महरौस ने कहा - 'अल फैसली जैसी तगड़ी टीम के खिलाफ हमारी मुश्किल बढ़ जाएगी क्योंकि हमारे कुछ खिलाड़ी घायल है।' 'इस स्पर्धा के फायनल में जॉर्डन की दोनों टीमों का आना देश के फुटबॉल के लिए अच्छा संकेत है। हमारा उद्देश्य खिताब जीतना है और मुझे विश्वास है कि वह हम हासिल कर सकते है।' 'इस सत्र में हमने उन्हें हराया था मगर यह मैच अलग है और हमें उनका इस स्पर्धा में अनुभव पता है।'
|