|
बैरूतः जॉर्डन कप विजेता शबाब अल ओर्दुन ने लेबनान के अल नजमा को गोलरहित बराबरी पर रोककर अपने ही देश के अल फैसली के साथ एएफसी कप का फायनल मुकाबला तय कर लिया है। पहला चरण १-० से जीतने वाले शबाब अल ओर्दुन ने मुकाबला १-० के ही औसत से जीता और अब फायनल में उनका मुकाबला दो बार से खिताब जीत रहे अल फैसली से होगा जिन्होने सेमीफायनल में अल विहदात को ३-२ के औसत से हराया था। दोनों टीमों के प्रशिक्षकों ने बैरूत स्पोर्ट्स सिटी स्टेड़ियम पर मंगलवार को हुए सेमीफायनल के दूसरे चरण में कुछ बदलाव किए। शबाब के कोच निज़ार महरौस ने रफात मोहम्मद और मोहन्नाद महार्मेह की जगह सलेह ताहा और हाज़ेम अबुहुसैन को उतारा। अल नजमा के कोच नेनाद स्टावरिच ने अकरम मोघरबी और अली नसिरूद्दीन को अहमद एल नामानी और अब्बास फदलाल्लाह के स्थान पर जगह दी। शबाब ने अच्छी शुरूआत की और तीसरे मिनट में उन्हें एक अवसर मिला था मगर अबु तौक का शॉट निशाने पर नहीं लगा। अल नजमा को पहला मौका १३वें मिनट में मिला मगर नसिरूद्दीन उसे भुनाने में नाकाम रहे। दूसरे हाफ में अल नजमा ने नियंत्रण बनाया और ५५वें मिनट में सर्बिया के डिफेंडर मिलान बुगोनोविच के शॉट पर शबाब के गोलकीपर अहमद नव्वास ने अच्छा बचाव किया। पहले चरण का एकमेव गोल करने वाले ओदाइ अल सैफी को ६०वें मिनट में अच्छा मौका मिला था जब उन्हें सिर्फ गोलकीपर को छकाना था मगर उनका शॉट गोल के ऊपर से गया।
|