|
अम्मानः लगातार दो साल से एएफसी कप का खिताब जीत रहे जॉर्डन के अल फैसली क्लब ने अपने ही देश के अल विहदात को २-१ से परास्त कर फिर से स्पर्धा के फायनल में प्रवेश पा लिया है। सेमीफायनल का पहला चरण १-१ से बराबर रहने के बाद दूसरा चरण रोचक होने की उम्मीद लगाई जा रही थी मगर अल फैसली ने ३-२ के औसत से जीत दर्ज कर एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। मोआयाद अबुशेक ने ३१वें मिनट में अल फैसली का खाता खोला और कप्तान हसूना अल शेख ने ६०वें मिनट में स्कोर २-० किया। रफात अली ने अल विहदात का एकमेव गोल ७०वें मिनट में किया मगर अल फैसली ने बेहतरीन रक्षण कर ३-२ के औसत की जीत दर्ज की। फायनल में अल फैसली का मुकाबला लेबनान के अल नजमा और अपने ही देश के शबाब अल ओर्दुन के विजेता से होगा। इन दोनों क्लबों के बीच हुआ सेमीफायनल का पहला चरण शबाब अल ओर्दुन ने १-० से जीता था।
|