|
बैरूतः लेबनान का अल नजमा क्लब जॉर्डन के शबाब अल ओर्दुन के हाथोंब पहले चरण में एक गोल से हारने के बाद एएफसी कप के दूसरे चरण में वापसी की उम्मीद लगाए है। लगातार दो साल से फायनल में हारने के बाद अल नजमा इस स्पर्धा को जीतना चाहता है मगर सेमीफायनल का पहला चरण वे १-० से हार गए थे। इस स्पर्धा में इन दोनों के बीच यह चौथा मुकाबला होगा। ग्रुप मुकाबलों में पहला चरण शबाब अल ओर्दुन ने २-० से जीता था तो बैरूत में अल नजमा २-१ से सफल रहा था। अल नजमा की तैयारियों को उस वक्त झटका लगा जब उनके सितारा स्ट्राइकर मोहम्मद गद्दार को निलंबन झेलना पड़ा। महिंद्रा यूनाईटेड़ के खिलाफ क्वार्टर फायनल के दूसरे चरण में मैदान के बाहर किए जाने के कारण उन्हें दो मैचों के लिए निलंबित किया गया है। सर्बिया के कोच नेनाद स्टावरिच को विश्वास है कि वे गद्दार की कमी को पूरा कर अपेक्षित नतीजा पा लेंगे। उनकी आशाएँ अली नसिरूद्दीन पर टिकी होंगी। 'हमारी तैयारी ठीक नहीं रही क्योंकि अच्छे मैदान पर अभ्यास करने का समय हमें नहीं मिला। मुझे विश्वास है कि मंगलवार को मेरी टीम अच्छा खेल दिखाएगी।' 'हमें गलतियों को सुधार कर मिले अवसरों का लाभ उठाना होगा ताकि हम फायनल तक पहुँच सके।' पहला चरण जीतने वाले शबाब अल ओर्दुन के कोच निज़ार महरौस ने कहा - 'अल नजमा के खिलाफ मैच बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि फायनल में पहुँचने के लिए हमें इसमें अच्छा खेल दिखाना होगा।' 'हम अपने प्रदर्शन को दोहराने का प्रयास करेंगे। उनकी टीम अच्छी है और घरेलु मैदान पर वे अच्छा खेलते है।' 'रफात मोहम्मद, शादी अबु हशहश तथा ओदाइ अल सैफी जैसे हमारे कुछ खिलाड़ी चोटग्रस्त है मगर हमें आशा है कि हम फायनल तक पहुँचेंगे।'
|