|
अम्मानः जॉर्डन लीग विजेता अल विहदात गत विजेता अल फैसली के खिलाफ सोमवार को यहाँ होने वाले एएफसी कप सेमीफायनल के दूसरे चरण में जीत के इरादे से मैदान पर उतरेगा। पिछले साल अल फैसली के हाथों सेमीफायनल में ही हारे अल विहदात के पास बदला लेने का मौका है क्योंकि पहला चरण १-१ की बराबरी पर छूटा था। हालाँकि वह मैच भी इसी स्थान पर खेला गया था मगर उसे अल फैसली का घरेलु मैच करार दिया गया था और अल विहदात के पास विपक्षी टीम के मैदान पर गोल करने का लाभ होगा। फायनल में पहुँचने के लिए अल विहदात को गोलरहित बराबरी भी काफी होगी मगर टीम के कोच मिस्र के इस्माईल युसुफ जीत हासिल करना चाहते है। 'दोनों टीमों के बीच मुकाबला कड़ा होगा क्योंकि जीतने वाली टीम फायनल में प्रवेश करेगी। मुझे लगता है कि दोनों टीमों को समान अवसर है।' 'हम एक बड़ी टीम है और हमारे खिलाड़ियों को पता है कि सिर्फ ड्रॉ हमारे लिए काफी नहीं होगा। पहले चरण को भुलाकर हम इस मैच में एकाग्रता रखेंगे।' यह मैच पहले मंगलवार को होना था मगर इसे एएफसी ने बदलकर सोमवार को कराया है। अल फैसली के कोच अदनान हमद अपने खिलाड़ियों से सुधार की गुंजाईश रखते है। 'हमपर कुछ दबाव जरूर होगा और हमें कल गोल करना ही होगा।' 'इन दोनों टीमों के बीच होने वाले मैचों के नतीजों का अंदाजा लगाना मुश्किल है। कल हमें अपना श्रेष्ठ खेल दिखाना होगा।'
|