|
लाहौरः किर्गिस्तान के डोरडोई-डायनामो तथा नेपाल के महेंद्र पुलिस क्लब के तीन-तीन खिलाड़ी एएफसी प्रेसिडेंट्स कप के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के अवॉर्ड की दौड़ में है। चीनी ताइपे के तातुंग के खिलाफ चार गोल करने वाले रोमन कोर्निलोव इस बार लगातार दूसरी बार इस अवॉर्ड को जीत सकते है तो डोरडोई के ही गोलकीपर वलेरी कशुबा तथा आंद्रे क्रासनोव भी इसके दावेदार है। कशुबा ने रत्नम के खिलाफ सेमीफायनल के पेनल्टी शूट-आऊट में दो शॉट बचाए थे। महेंद्र के जुमानु राय, कप्तान रमेश बुढाथोकी तथा गोलकीपर रितेश थापा भी इस खिताब की दौड़ में है। एएफसी के टेक्निकल स्टड़ी ग्रुप के सदस्य इस पुरस्कार के विजेता का चयन करेंगे। रत्नम के एडिरिबंडानागे चन्ना छह गोल कर गोल करने वालो की सूची में अव्वल है तो रेगार-तदाझ के खुर्शीद माखमुडोव उनसे एक गोल पीछे है। चन्ना ने भूटान के ट्रांसपोर्ट यूनाईटेड़ के खिलाफ पाँच गोल दागे थे। कोर्निलोव और क्रासनोव सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी का पुरस्कार भी हासिल कर सकते है अगर वे फायनल में चन्ना को पछाड़ते है। उन्होने अब तक चार-चार गोल किए है। गत विजेता डोरडोई फेयर-प्ले अंक तालिका में भी ३३.७१ अंक लेकर आगे है उसके बाद ३३.२५ अंक वाले रेगार का नंबर आता है। महेंद्र पुलिस क्लब भी रविवार को डोरडोई के खिलाफ होने वाले फायनल में इस अवॉर्ड को पा सकता है क्योंकि वह ३१.२९ अंक लेकर चौथे स्थान पर है।
|