|
लाहौरः गत विजेता किर्गिस्तान के डोरडोई-डायनामो ने श्रीलंका के रत्नम स्पोर्ट्स क्लब को पेनल्टी शूट-आऊट में ४-३ से हराकर शुक्रवार को एएफसी प्रेसिडेंट्स कप के फायनल में प्रवेश कर लिया है। निर्धारित समय खत्म होने तक दोनों टीमें १-१ से बराबर थी जब डोरडोई के डेविड तेतेह द्वारा २१वें मिनट में किए गए गोल पर रत्नम के कसुन जयासुर्या ने ४३वें मिनट में बराबर किया। डोरडोई के गोलकीपर वलेरी कशुबा अपनी टीम के हीरो रहे जिन्होने रत्नम के रिज़वान साहिब मोहम्मद तथा कार्यवाहक कप्तान अकिला मडुरंगा के शॉट रोके तो इगोर कुदरेंको, रोमन कोर्निलोव, रसलन सिडिकोव तथा अज़मत इशेनबाएव ने किर्गिस्तान के क्लब के लिए शूट-आऊट में गोल दागे। डोरडोई ने इस स्पर्धा में अब तक अच्छा खेल दिखाया है और महेंद्र पुलिस क्लब के खिलाफ रविवार को होने वाले फायनल में वे मध्य एशिया का दबदबा कायम रखने का प्रयास करेंगे। महेंद्र पुलिस क्लब द्वारा तजाकिस्तान के रेगार-तदाझ को हराए जाने के बाद रत्नम क्लब के भी हौसले बुलंद थे जिन्होने मुकाबले को रोचक बनाया। डोरडोई के कोच बोरिस पोदकोरितोव इस नतीजे से खुश थे मगर उन्होने कहा कि उनके स्ट्राइकरों को और मेहनत करने की जरूरत है। 'हमें पता था कि यह मुकाबला कठिन होगा। वे तजाकिस्तान के क्लब के विरूद्ध भी अच्छा खेले थे। मेरे खिलाड़ियों ने अच्छे मूव बनाए मगर मिले मौकों का फायदा वे न उठा सके।' रत्नम के कोच पकीर अली ने कहा - 'हम उन्हें १२० मिनट तक बराबर रखने में सफल रहे। हमने रक्षात्मक रवैया अपनाते हुए प्रत्युत्तर में आक्रमण की योजना बनाई थी। मेरे खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया।'
|