|
लाहौरः नेपाल के महेंद्र पुलिस क्लब ने एएफसी प्रेसिडेंट्स कप के फायनल में लगातार दो सालों से चले आ रहे मध्य एशियाई टीमों के दबदबे को तोड़ते हुए तजाकिस्तान के रेगार-तदाझ को २-१ से हराकर फायनल में प्रवेश कर लिया है। स्थानीय पंजाब स्टेड़ियम पर हुए सेमीफायनल में पूर्व विजेता रेगार की एक न चली। नेपाली क्लब के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का परिचय देते हुए रेगार को धूल चटाई। एक समय ऐसा लग रहा था कि खेल अतिरिक्त समय में जाएगा उस वक्त महेंद्र के कप्तान रमेश बुढाथोकी ने ९०वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को जीत दिलाई। खेल के २६वें मिनट में मारूफ रूस्तामोव के पास पर उमरबाएव ने रेगार को आगेक इया मगर महेंद्र के जुमानु राय ने अगले ही मिनट में स्कोर १-१ किया। महेंद्र के कोच बिराट कृष्ण श्रेष्ठा ने जीत का श्रेय अपनी टीम को दिया। 'हमारा प्लान पहले कुछ मिनट उन्हें देखकर फिर आक्रमण करना था। दूसरे हाफ में हमने रक्षात्मक रवैया अपनाया और प्रत्युत्तर में आक्रमण किए जो कामयाब हुआ।' रेगार के कोच माखमदजोन खबिबुल्लोएव ने कहा - 'मेरे खिलाड़ियों ने मध्यम पंक्ति में बहुत गलतियाँ की और मिले अवसरों को वे भुना न सके।'
|