|
लाहौरः किर्गिस्तान के डोरडोई-डायनामो तथा नेपाल के महेंद्र पुलिस क्लब अपने आखिरी ग्रुप बी मैच आसानी से जीत लिए है। डोरडोई ने चीनी ताइपे के तातुंग को ५-० से तो महेंद्र ने एक रोमांचक मैच में कम्बोडिया के खेमारा को ६-४ से मात दी। ग्रुप ए के विजेता रेगार-तदाझ का मुकाबला २७ सितंबर को होने वाले पहले सेमीफायनल में महेंद्र पुलिस क्लब से होगा तो उसके अगले दिन डोरडोई को रत्नम स्पोर्ट्स क्लब से होगा। महेंद्र को खेमारा ने खेल के अंतिम समय में स्कोर ४-४ से बराबर कर तगड़ी टक्कर दी मगर महेंद्र ने दो और गोल कर अपनी जीत पक्की की। रेलवे स्टेड़ियम में हुए मैच में डोरडोई के सितारा खिलाड़ी रोमन कोर्निलोव ने चार गोल १८वें, ६२वें, ८३वें तथा ८९वें मिनिटों में दागे। उनका पहला गोल अर्तेम मुलादजानोव ने ११वें मिनट उनका खाता खोला था। पंजाब स्टेड़ियम पर महेंद्र ने पहले हाफ में चार गोल कर जीत की ओर अपने कदम बढ़ा दिए थे तो तब तक खेमारा सिर्फ एक गोल ही कर सका था। दूसरे हाफ में पाँच गोल हुए जिसमें खेमारा ने पहले तीन ११ मिनिटों के भीतर कर मैच रोचक बना दिया था। महेंद्र का खाता १२वें मिनट में अनंत राज थापा ने खोला तो उसके चार मिनट बाद कप्तान रमेश बुढाथोकी ने स्कोर २-० किया। २३वें मिनट में रोथा लोच ने खेमारा का पहला गोल किया। पर्बत पांडे तथा जुमानु राय ने २५वें तथा ३०वें मिनिटों में गोल कर महेंद्र को ४-१ से आगे किया था। बुन वी चेत ती ने ६७वें मिनट में पेनल्टी के जरिए तो स्कुमफीक (७० तथा ७८) ने दो गोल कर स्कोर ४-४ कर महेंद्र को चौका दिया। अनंत राज थापा (७९) तथा रिजाल अर्जुन (८७) ने गोल कर महेंद्र को अंतिम चार में स्थान दिलाया। डोरडोई के कोच बोरिस पोदकोरितोव ने कहा कि वे चाहते है कि उनके खिलाड़ी अब सेमीफायनल पर ध्यान लगाए। 'श्रीलंका के रत्नम के खिलाफ हमारा सेमीफायनल आसान नहीं होगा। मैं चाहता हूँ कि मेरे खिलाड़ी अब उसकी तैयारी करे।' 'हमने आज अपने श्रेष्ठ खिलाड़ी उतारे क्योंकि हम किसी टीम को कम नहीं आँक सकते है और उन्होने अपने आप को फिर साबित किया।' महेंद्र के कोच बिराट कृष्ण श्रेष्ठा ने जीत पर प्रसन्नता जाहीर करते हुए कहा - 'थ्री स्टार क्लब के बाद इस स्पर्धा के अंतिम चार तक पहुँचने वाली हमारी दूसरी टीम है। हमें पता था कि सिर्फ जीतकर ही हम सेमीफायनल में पहुँच सकते है और खिलाड़ी ने आज अच्छा समन्वय दिखाया।'
|