|
लाहौरः यहाँ खेले जा रहे एएफसी प्रेसिडेंट्स कप में सबसे कमजोर समझे जाने वाले भूटान के ट्रांसपोर्ट यूनाईटेड़ ने अपने अंतिम ग्रुप मुकाबले में मेजबान पाकिस्तान सेना को ३-२ से हराकर सबको चौका दिया है। इस नतीजे के कारण दोनों टीमें स्पर्धा से बाहर हो गई है। इसी ग्रुप के एक अन्य मैच में तजाकिस्तान के रेगार-तदाझ के हाथों एकमेव गोल से हारने के बाद भी श्रीलंका का रत्नम स्पोर्ट्स क्लब सेमीफायनल में पहुँच गया है। अब्बोस अब्दुल्लाएव ने रेगार का एकमात्र गोल ६६वें मिनट में किया। पहले दो मैचों में १९ गोल खाने वाले ट्रांसपोर्ट यूनाईटेड़ ने आज बेहतर खेल दिखाया। पाकिस्तान सेना को अंतिम चार में जाने के लिए आज का मैच पाँच गोलों के अंतर से जीतना था। उन्होने इसे पाने के लिए हमले तो काफी किए मगर मिले अवसरों का लाभ उनके खिलाड़ी न उठा सके। पिछले संस्करण में भी पाकिस्तान सेना की टीम ट्रांसपोर्ट यूनाईटेड़ से एकमेव गोल से हारी थी और उस वक्त का विजयी गोल करने वाले वांगे दोरजी ने आज दो गोल किए। उन्होने पाँचवे मिनट में अपनी टीम को आगे किया तो सोनम जमत्शो ने स्कोर २-० किया। पहले हाफ के आखिर में मुहम्मद शब्बीर ने पाकिस्तान सेना का दूसरा गोल किया मगर दोरजी ने ७४वें मिनट में फ्री-किक के जरिए स्कोर ३-१ किया। फहीम रियाज़ ने सेना का गोल खेल के अंतिम क्षणों में किया। ट्रांसपोर्ट यूनाईटेड़ के कोच निदुप दोरजी इस नतीजे से खुश थे। 'हमारे पास हारने के लिए आज कुछ नहीं था इसलिए मैने खिलाड़ियों को खुलेपन से खेलने की हिदायत दी थी।' 'मेरे खिलाड़ियों ने आज अच्छा खेल दिखाया और एक बार फिर हम ग्रुप में तीसरे स्थान पर रहे।' पाकिस्तान सेना के कोच शौकत अली ने कहा - 'मेरे खिलाड़ी रणनीति को अमलीजामा पहनाने में विफल रहे। उनपर कोई दबाव नहीं था क्योंकि मैने उन्हें अपना स्वाभाविक खेल खेलकर जीत हासिल करने को कहा था।'
|