|
मनामाः एक सप्ताह पूर्व जॉर्डन एक अल फैसली के हाथों एएफसी कप फायनल के पहले चरण में ३-० की हार झेलने वाले बहरीन लीग विजेता अल मुहर्रक के पास शुक्रवार को मुकाबले के दूसरे चरण में बदला लेने का मौका है। पिछले शुक्रवार को अम्मान में हार के बाद क्लब प्रबंधन ने कोच कार्लोस एलिन्हो को बाहर का रास्ता दिखा दिया था और उनकी जगह खलिफा अल झायानी को टीम की बागड़ोर सौंपी थी। इन सबके बावजूद भी अल मुहर्रक इब्राहीम अल मिशखास तथा महमूद अब्दुलरहमान की वापसी से उत्साहित है। अल झायानी ने कहा - 'कोई भी चीज फुटबॉल में असंभव नहीं है। हमारा ध्येय मुश्किल जरूर है मगर असंभव नहीं।' 'अल फैसली ने पहले चरण में तीन गोल किए थे और वैसा ही हम यहाँ करने का प्रयास करेंगे।' इस बीच अल फैसली के कोच अदनान हमद ने कहा कि उन्होने खिलाड़ियों को मेजबान टीम को कम न आँकने की सलाह दी है। 'हमें पता है कि हम खिताब जीतने के नजदीक है मगर जब तक मैच बाकी है तब तक कुछ भी नहीं कहा जा सकता है। मुझे आशा है कि हम अच्छा खेल दिखाएँगे।'
|