|
मनामाः एएफसी कप के फायनल में खेल रहे बहरीन के अल मुहर्रक क्लब ने अपने कोच कार्लोस एलिन्हो को निकाल दिया है। एलिन्हो ने मुहर्रक को एएफसी कप के फायनल तक पहुँचाया मगर वे फायनल के पहले चरण में जॉर्डन के अल फैसली के हाथों ३-० से हार गए थे। दूसरा चरण अम्मान में शुक्रवार को खेला जाना है। एलिन्हो ने अपनी आखिरी प्रेस कॉंफ्रेस में कहा था - 'जॉर्डन में मैने मैच के दौरान जो खिलाड़ी बदले थे वह काम नहीं आए। यही खिलाड़ी पूर्व में कमाल दिखा चुके थे।' एलिन्हो ने उस मैच में राशिद अल दोसरी, सदेक जाफर तथा लिएंडसन डा सिल्वा को बदला था जिसका फायदा अल फैसली ने उठाते हुए तीन गोल किए। इस बीच क्लब प्रबंधन ने घोषणा की है कि तकनीकी सलाहकार खलिफा अल झायानी टीम के कार्यवाहक कोच होंगे। अल झायानी बहरीन में अच्छे कोच माने जाते है और उन्होने क्लब को पिछले साल बहरीन लीग खिताब दिलाया था। अल झायानी ने कहा - 'मैने खिलाड़ियों से दूसरे चरण में सकारात्मक रवैया रखने को कहा है। मेरे लिए फायनल अभी शुरू हुआ है।'
|