|
पीए स्पोर्ट मनामाः बहरीन लीग विजेता अल मुहर्रक ने लेबनान के अल नजमा को एएफसी कप सेमीफायनल के दूसरे चरण में नाटकीय रूप से ४-२ से परास्त कर खिताबी मुकाबले में जगह बना ली है। इस मैच में तीन पेनल्टी दी गई तथा चार खिलाड़ियों को लाल कार्ड दिखाए गए। पहला चरण २-१ से जीतने वाला मुहर्रक इसके कारण ६-३ के औसत से जीतने में कामयाब रहा। ब्राजीली स्ट्राइकर लिएंडसन डायस ने पेनल्टी के जरिए दो गोल किए तो अब्दुल्ला ओमर तथा रिचर्ड मसोलिन ने विजयी टीम के लिए एक-एक गोल का योगदान दिया। आखिर में सिर्फ सात खिलाड़ियों से खेल रहे अल नजमा के दो गोल मोहम्मद गद्दार ने किए। बहरीन की राजधानी में मेजबान टीम ने अच्छी शुरूआत की जब पेनल्टी के जरिए १९वें मिनट में उन्होने अपना खाता खोला। सऊदी अरब के रैफरी खलिल अल घाम्दी ने खालिद हमिए द्वारा पेनल्टी क्षेत्र में गेंद को हाथ लगाने के कारण यह पेनल्टी दी थी जिसे लिएंडसन ने गोल में बदला। अल नजमा ने वापसी के पुरजोर प्रयास किए मगर २७वें मिनट में अली वसेफ का शॉट गोलपोस्ट के ऊपर से गया। उसके दो मिनट बाद जेसी जॉन के पास पर अब्दुल्ला ओमर ने स्कोर २-० किया। इसके बाद गत उपविजेता अल नजमा ने पहले ही हाफ में बराबरी हासिल की। गद्दार ने मध्यांतर से चार मिनट पूर्व स्कोर २-१ किया और हाफ टाइम से ठीक पूर्व उन्होने एक और बेहतरीन गोल दागकर अपनी टीम को बराबरी दिलाई। अल नजमा के सितारा खिलाड़ी अली नसिरूद्दीन को कोच महमूद कन्दौज़ ने दूसरे हाफ में उतारा मगर बाजी फिर से मुहर्रक की ओर जाने लगी थी। वसेफ द्वारा ७५वें मिनट में अब्दुल्ला ओमर को गिराए जाने के फलस्वरूप मिली पेनल्टी को लिएंडसन ने गोल में बदला। ८३वें मिनट में अल नजमा के वसेफ को और उसके एक मिनट बाद स्थानापन्न खिलाड़ी झकारिया चरारा को रैफरी ने मैदान से बाहर किया। खेल के आखिरी मिनट में रैफरी ने अल नजमा के गोलकीपर अहमद अल सकर तथा अहमद अल नामानी को मैदान से बाहर किया और मुहर्रक को एक और पेनल्टी प्रदान की। इस निर्णय से क्षुब्ध अल नजमा के खिलाड़ियों ने मैच जारी न रखने का निर्णय लिया मगर जब मैच फिर से शुरू हुआ तब मसोलिन ने उस पेनल्टी को गोल में बदलकर अपनी टीम को फायनल में पहुँचाया।
|