|
पीए स्पोर्ट अम्मानः अल विहदात के नए कोच जमाल महमूद को विश्वास है कि उनकी टीम एएफसी कप सेमीफायनल के दूसरे चरण में अपने ही देश के अल फैसली को हरा सकती है। सिर्फ पाँच दिन पूर्व टीम की बागड़ोर संभालने वाले महमूद की अल विहदात टीम को पहले चरण में मिली १-० की हार के अंतर को भी पाटना होगा। पहले चरण की हार के बाद अल विहदात प्रबंधन ने मोहम्मद मुस्तफा को कोच पद से निकाल दिया था। वे मिस्र के मोहम्मद ओमर को टीम की बागड़ोर सौंपना चाहते थे जिन्होने उन्हें दो साल पूर्व खिताब दिलाया था मगर वह करार न हो सका और महमूद को कोच बनाया गया। महमूद ने कहा - 'कुछ हालात के कारण मुझे कोच बनाया गया है मगर मैं आशा करता हूँ कि मैं इसपर खरा उतरूँगा। मेरा पहला काम मुस्तफा के जाने के बाद खिलाड़ियों के मूड को बदलना है।' 'शनिवार से हमने गंभीर रूप से अभ्यास शुरू किया है और रविवार से सभी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हमारे साथ होंगे। मैं टीम को कमजोरियों को दूर करने का प्रयास करूँगा।' 'यह मुकाबला दो चरणों का है। पहला चरण अल फैसली ने जीता मगर दूसरे चरण में तय होगा कि फायनल में कौन जाता है। हमें उन्हें हराने के लिए कड़ी मेहनत करना होगी।' महमूद देश की ओर से खेलने वाले अपने खिलाड़ियों पर काफी हद तक निर्भर होंगे। इनके अलावा अशरफ शत्तात चोट के बाद वापसी कर रहे है मगर आमिर दीब निलंबन के कारण नहीं खेल पाएँगे। अल फैसली के पास डिफेंडर हातेम अकेल और स्ट्राइकर मोआयाद सलीम की सेवाएँ उपलब्ध नहीं होंगी क्योंकि इन दोनों को निलंबित किया गया है। अल फैसली के ईराकी कोच अदनान हमद ने कहा - 'अल फैसली एक बड़ी टीम है और एक-दो खिलाड़ियों के न होने से हमें फर्क नहीं पड़ेगा। अल विहदात के आक्रमण को रोकने की हमारे पास अलग योजना है।' 'हमें पता है कि मुकाबला कड़ा होगा मगर हमारा उद्देश्य फायनल में पहुँचना है। हम जीतने के लिए ही खेलेंगे।'
|