|
कुचिंगः इल्दार आमीरोव द्वारा अतिरिक्त समय में किए गए गोल की मदद से किर्गिस्तान के डोरडोई-डायनामो ने अपने तगड़े प्रतिद्वंद्वी तजाकिस्तान के एफसी वख्श को २-१ से पराजित कर एएफसी प्रेसिडेंट्स कप खिताब पर कब्जा कर लिया है। स्थानीय सरवाक स्टेड़ियम पर रविवार को खेले गए फायनल मुकाबले में जीत से डोरडोई-डायनामो ने ग्रुप मुकाबलों में वख्श के हाथों हुई अपनी हार का बदला तो ले ही लिया तथा पिछले साल तजाकिस्तान के ही रेगार-तदाझ के हाथों फायनल में हुई अपनी हार को भी भुला दिया। आमीरोव ने विजेता टीम के दोनों गोल किए और उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें १-१ से बराबर थी। दोनों टीमों से सावधानीपूर्वक शुरूआत की और किसी को भी अच्छे अवसर नहीं मिले। प्रत्युत्तर के एक आक्रमण में ३६वें मिनट में एक पास पर आमीरोव ने अपनी टीम को आगे किया। दूसरे हाफ में वख्श ने अच्छी शुरूआत की और आक्रमण पर जोर दिया और सात मिनट बाद ही सोहिब सावनकुलोव ने उन्हें बराबरी दिलाई। आमीरोव दो बार गोल करने के नजदीक पहुँचे मगर उनके शॉट पर गेंद गोलपोस्ट से टकरा गई थी। अतिरिक्त समय में आमीरोव ने गोलकीपर अस्लिद्दीन खबिबुल्लोएव को छकाकर गेंद जाली में ड़ाल दी। इसके बाद डोरडोई ने रक्षण पर ध्यान केंद्रित किया और आखिरकार खिताब जीतने में सफलता प्राप्त की। डोरडोई के ही रोमन कोर्निलोव को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और सबसे ज्यादा गोल करने के लिए गोल्डन बूट प्रदान किया गया। कम्बोडिया के खेमारा क्लब को फेयर प्ले अवॉर्ड दिया गया। डोरडोई-डायनामो के कोच बोरिस पोदकोरितोव ने कहा - 'यह नतीजा हमारे लिए अच्छा रहा। पिछले साल फायनल हारने और वख्श के हाथों ग्रुप मुकाबले में हार के बाद इस बार खिलाड़ी खिताब जीतना चाहते थे।' 'वख्श एक अच्छी टीम है और उन्होने मौकों का फायदा नहीं उठाया मगर हम उस मामले में किस्मत वाले रहे।' वख्श के कोच उराज़ तुराकुलोव ने कहा - 'डोरडोई की टीम में काफी राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ी है तो इसलिए आश्चर्य नहीं होना चाहिए कि वह एक बेहतरीन टीम है।' 'अगर हम उनके खिलाफ फिर से खेले तो भी हम कुछ अलग नहीं कर सकते है। पहले मैच के बाद से हमारे स्तर में गिरावट हो रही थी और मेरी सबसे बड़ी चुनौती उसे फिर से ऊपर लाने की थी।' 'मैं उसमें कामयाब रहा और खेल का रूख किसी भी ओर मुड़ सकता था मगर दुर्भाग्य से हम आज नहीं जीत सके।' स्पर्धा के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किए गए रोमन कोर्निलोव ने कहा - 'हम खिताब जीते वह मेरे लिए ज्यादा महत्वपूर्ण है। गोल्डन बूट और यह अवॉर्ड जीतकर मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। मेरे साथी खिलाड़ी आमीरोव फायनल का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बनने के हकदार है। यह हमारे लिए एक यादगार रात रही।'
|