|
कुचिंगः एएफसी प्रेसिडेंट्स कप में अब तक कईं रोचक मुकाबले खेले गए है और स्पर्धा के सर्वोत्तम खिलाड़ी का चयन करने वाले तकनीकी स्टडी ग्रुप को इसमें काफी जद्दोजहद करना पड़ रही है। पिछले आठ दिनों में १४ मैच खेले गए और फायनल मुकाबला रविवार को किर्गिस्तान के डोरडोई-डायनामो और तजाकिस्तान के वख्श के बीच खेला जाएगा। हालाँकि यह चुनाव करना काफी मुश्किल है मगर लगता है कि डोरडोई-डायनामो के सर्गी नियाझेव तथा ऐबेक बोकोएव के बीच इस खिताब को लेकर तगड़ी टक्कर है। डोरडोई-डायनामो अपना पहला मैच वख्श के हाथों ०-३ से हार गया था मगर उन्होने स्पर्धा में इन दो खिलाड़ियों के अलावा रोमन कोर्निलोव की मदद से वापसी की। इनके अलावा वख्श के मिखरोब ज़ाकुरबेकोव का दावा भी कम नहीं आंका जा सकता है। उन्होने बेहतरीन खेल दिखाते हुए अपनी टीम को यहाँ तक पहुँचाया है। चुआंग याओ-सुंग (तातुंग), चानथान पोक, चोए उंग-चोन, किम सोन-यू (खेमारा) ताशी शेरिंग, सागर थापा, अनिल गुरूंग (मनांग मार्शिआंगडी क्लब), चतुरा कोसगोदादगे, कसुन जयसुर्या तथा पासक्वेल पुष्पकुमारा (रत्नम) भी इस खिताब के दावेदार है।
|