|
कुचिंगः रोमन कोर्निलोव के दो गोलों की मदद से किर्गिस्तान के डोरडोई-डायनामो क्लब ने कम्बोडिया के खेमारा को ३-० से शिकस्त देकर एएफसी प्रेसिडेंट्स कप के फायनल में प्रवेश कर लिया है। अगर स्कोर पर न जाएँ तो कम्बोडिया की टीम ने काफी संघर्ष किया। उन्हें पहले हाफ में गोल करने का एक मौका मिला था मगर बुनथिआंग सोक ने गोल पर निशाना साधने की जगह अपने साथी खिलाड़ी को पास दिया जो कुछ न कर सके। कोर्निलोव ने ३३वें मिनट में डोरडोई को आगे किया और अज़मत इशेनबाएव ने हाफ टाइम से पहले स्कोर २-० कर दिया था। कोर्निलोव ने तीसरा गोल ७५वें मिनट में दागा। खेमारा के कोच जो योंग-चोल ने कहा - 'हमने इस मैच से काफी कुछ सीखा है। ऐसी टीम के खिलाफ खेलने का हमारे पास कोई पूर्व अनुभव नहीं है।' 'वह तकनीकी रूप से बेहतर थे मगर सबसे पहले शारीरिक रूप से भी वे काफी सक्षम थे।' जो का अनुमान है कि डोरडोई ही इस स्पर्धा के खिताब को जीतेगा। डोरडोई के कोच बोरिस पोदकोरितोव ने कहा - 'पिछड़ने के बावजूद भी कम्बोडिया टीम ने अच्छी जुझारू क्षमता का परिचय दिया। उन्होने हमारे लिए काफी मुश्किलें खड़ी की क्योंकि ज्यादातर टीमें तीन गोलों से पिछड़ने के बाद उम्मीद छोड़ देती है।' 'हम उनके लिए तैयार थे क्योंकि हमें पता था कि उनके पास अच्छी गति है और हमें उन्हें रोकना होगा।' डोरडोई का मुकाबला तजाकिस्तान के वख्श और चीनी ताइपे के तातुंग के बीच होने वाले दूसरे सेमीफायनल के विजेता से होगा।
|