|
कुचिंगः यहाँ खेले जा रहे एएफसी प्रेसिडेंट्स कप के प्रारंभिक दौर में ही वख्श को हार का मुँह देखना पड़ा था और उसी का सबक सीख कर तजाकिस्तान का यह क्लब फायनल में पहुँचना चाहता है। गुरूवार को सेमीफायनल में उनका मुकाबला चीनी ताइपे के तातुंग से होगा। पहले मैच में किर्गिस्तान के डोरडोई-डायनामो के खिलाफ ३-० से जीत के बाद उन्हें दूसरे मैच में नेपाल के मनांग मार्शिआंगडी क्लब ने हराया था मगर वख्श उस गलती को दोबारा दोहराने की भूल नहीं करना चाहता है। वख्श के कोच उराज़ तुराकुलोव ने कहा - 'उस समय हमने हमारी विरोधी टीम का सम्मान नहीं किया। हमने वह गलती की मगर मुझे खुशी है कि वह प्रारंभिक दौर ही था और हम सेमीफायनल में पहुँचने में कामयाब हुए।' इस समय किसी को भी कम आंकना बेवकूफी होगा क्योंकि अब दूसरा मौका नहीं मिलेगा।' वख्श की तरह ही चीनी ताइपे के तातुंग को भी कम्बोडिया के खेमारा ने हराया था और १-५ की उस हार के बाद टीम उबर कर अंतिम चार तक पहुँची है। तातुंग के कोच चिआंग मु-साइ ने कहा - 'उस हार के बाद हमने टीम और खिलाड़ियों का अध्ययन कर दो मुख्य बदलाव किए।' '४-४-२ की प्रणाली से हमने ३-५-२ से खेलना शुरू किया जिससे टीम में काफी अच्छा परिणाम हुआ। अगले मैच के नतीजे ने उसे साबित भी किया।'
|