|
कुचिंग, मलेशियाः एक आत्मघाती गोल की बदौलत श्रीलंका के रत्नम स्पोर्ट्स क्लब का एएफसी प्रेसिडेंट्स कप के सेमीफायनल में पहुँचने का सपना चकनाचूर हो गया। ग्रुप बी के आखिरी मैच में उन्हें तजाकिस्तान के एफसी वख्श ने २-१ से पराजित कर अंतिम चार में स्थान बनाया जहाँ उनका मुकाबला चीनी ताइपे के तातुंग क्लब से होगा। रत्नम ने अधिकतर समय तक मैच पर अपना नियंत्रण रखा क्योंकि उन्हें सेमीफायनल में पहुँचने के लिए जीत की दरकार थी म्गार बेहतर गोल औसत के कारण वख्श को सिर्फ ड्रॉ चाहिए था। पहला हाफ गोलरहित बराबर रहने के बाद ४६वें मिनट में नाज़िरशोह रिज़ोमोव ने वख्श को बढ़त दिलाई। रत्नम ने अपना दबाव बनाए रखा मगर ७४वें मिनट में मोहम्मद इज़ाद्दीन ने एक तिरछे पास पर गेंद को दूर करने के प्रयास में गेंद अपनी ही जाली में दे मारी। उसके सात मिनट बाद चन्ना एडिरिबंडानागे ने रत्नम का एकमेव गोल किया मगर उनके पास समय कम था और दो और गोल करना शेष थे जो वे कर ना सके। वख्श के कोच उराज़ तुराकुलोव ने कहा - 'रत्नम के आज के खेल ने हमें आश्चर्य में ड़ाल दिया था। वे काफी आक्रामक थे और उनकी गति के कारण हमें काफी परेशानी हुई।' 'हालाँकि हमारा उद्देश्य सेमीफायनल में पहुँचना था मगर हम जीतना चाहते थे जो हमने किया।' रत्नम के कोच इमेन्यूअल बलेंद्र एंथोनी ने कहा कि उनकी योजना शुरूआत से ही आक्रामक खेल दिखाने की थी और वह लगभग कामयाब हो गई थी। 'जब हमने पहला गोल खाया उसके बाद भी मुझे जीत का विश्वास था। मगर आत्मघाती गोल ने हमारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।'
|