|
थीम्फू, भूटानः ट्रांसपोर्ट यूनाईटेड़ ने येदझिन फुटबॉल क्लब को २-१ से पराजित कर राष्ट्रीय 'ए' डिविजन लीग का खिताब पुनः जीत लिया है। चांगलिमिथांग स्टेड़ियम पर शनिवार को खेले गए इस महत्वपूर्ण मैच में यूनाईटेड़ के मिडफिल्डर पासांग शेरींग ने पाँचवें मिनट में वांगचुक के पास पर अपनी टीम का खाता खोला और ५३वें मिनट में उन्होने अपना दूसरा गोल किया। येदझिन के सुभाष ने ६५वें मिनट में अपनी टीम का एकमात्र गोल किया। खिताब जीतने के लिए यूनाईटेड़ को यह मैच जीतना आवश्यक था क्योंकि इस मैच से पूर्व यूनाईटेड़ के २६ अंक थे और वह येदझिन तथा ड्रकपोल से दो अंक पीछे था। इस हार के कारण येदझिन तीसरे स्थान पर रहा तो गोल औसत में उनसे बेहतर ड्रकपोल दूसरे स्थान पर रहा। विजेता टीम को लगभग १३८० अमेरिकी डॉलर और उप-विजेता को लगभग ९२० अमेरिकी डॉलर का पुरस्कार दिया गया। विजेता टीम अगले ए.एफ.सी. प्रेसिडेंट्स कप में भी भूटान का प्रतिनिधित्व करेगी। तालिका 1. ट्रांसपोर्ट यूनाईटेड़ (२९ अंक), २. ड्रकपोल (२८), ३. येदझिन एफ.सी. (२८), ४. ड्रकस्टार एफ.सी. (१४), ५. आर.बी.ए. फुटबॉल क्लब (११), ६. रिगझुंग फुटबॉल क्लब (७), ७. झोंगरिक फुटबॉल क्लब (६)।
|