|
कुआलालम्पुरः एशियन फुटबॉल कन्फेडरेशन (ए.एफ.सी.) की अनुशासन मिति ने किर्गिस्तान के क्लब डोरडोई-डायनामो के दो पूर्व खिलाड़ियों को डोपिंग का दोषी पाए जाने पर छह महीने के लिए प्रतिबंध लगाया है। हाफबैक नुरझत कादीरकुलोव तथा अक्सर अहमेतोव इस साल मई माह में डोरडोई-डायनामो तथा कम्बोडिया के हैलो यूनाईटेड़ के बीच काठमांडू में हुए ए.एफ.सी. प्रेसिडेंट्स कप मैच में डोपिंग टेस्ट में असफल रहे थे। कादीरकुलोव तथा अहमेतोव के बी नमूने में भी प्रतिबंधित पदार्थ के पाए जाने के बाद ए.एफ.सी. ने पहले तत्कालिक रूप से दोनों खिलाड़ियों को 1 जून से प्रतिबंधित किया था। ए.एफ.सी. की अनुशासन समिति ने हाल ही में इन दोनों खिलाड़ियों को फुटबॉल की सभी गतिविधियों से छह महीने के लिए प्रतिबंधित किया है साथ ही इस निर्णय की जानकारी फीफा की अनुशासन समिति को भेजी गई है ताकि इनपर लगाया गया प्रतिबंध विश्व स्तरीय हो। कादीरकुलोव तथा अहमेतोव को पहले ही डोरडोई-डायनामो ने निकाल दिया था।
|