|
काठमांडूः तजाकिस्तान के रेगार तदाझ क्लब ने किर्गिस्तान के डोरडोई-डायनामो को ३-० से पराजित कर ए.एफ.सी. प्रेसिडेंट्स कप पर कब्जा किया। स्थानीय दशरथ स्टेड़ियम पर शनिवार को खेले गए फायनल मुकाबले में रेगार ने शुरूआत से ही अपना दबदबा बनाए रखा तथा डोरडोई को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया। खेल के सातवें मिनट में रेगार के निझोम रखिमोव ने तीन डिफेंडरों को छकाते गेंद को जाली में ड़ाल दिया। इस गोल के बाद रेगार ने कभी पिछे मुड़कर नहीं देखा। रेगार के ओदिल इर्गाशेव ३१वें मिनट में गोल करने से चूके और हॉफ टाइम के छह मिनट पूर्व झोमीखोन मुहीदिनोव ने डिफेंडरों के जाल को तो भेदा मगर वे डोरडोई के गोलकीपर झाकीर जालीलोव के सामने मात खा गए। मध्यांतर तक रेगार १-० से आगे था। रूस्तम खोद्जाएव ने ७०वें मिनट में पेनल्टी को गोल में बदलकर स्कोर को २-० कर दिया और उसके कुछ ही क्षणों बाद खुर्शीद माखमुडोव ने तीसरा गोल कर रेगार की जीत सुनिश्चित कर दी।
|