|
काठमांडूः किर्गिस्तान के चैम्पियन डोरडोई-डायनामो ने नेपाल के थ्री स्टार क्लब को पेनल्टी के सहारे ४-३ से हराकर ए.एफ.सी. प्रेसिडेन्ट्स कप के फायनल में प्रवेश किया जहाँ उनका मुकाबला तजाकिस्तान के रेगार तदाझ से शनिवार को होगा। करीबन अतिरिक्त समय तक दोनों ही टीमों के गोलरहित बराबरी रहने के कारण टाइब्रेकर का सहारा लिया गया। स्थानीय दशरथ स्टेड़ियम में मौजूद करीबन २२,००० दर्शकों के सामने मेजबान क्लब ने काफी उम्दा खेल का प्रदर्शन किया। निर्धारित समय खत्म होने के कुछ क्षणों पहले थ्री स्टार के प्रदीप महार्जन दो बार गोल करने से चूके और अतिरिक्त समय में डोरडोई के अझमत इशिनबेव ने दो मर्तबा जोरदार शॉट लगाए मगर नेपाल के कप्तान तथा गोलकीपर उपेंद्र मान सिंह ने बेहतरीन बचाव किए। टाइब्रेकर में डोरडोई की ओर से झाकीर जालीलोव, व्लादिमिर चेरतकोव, वैसिलि कोनोनोव तथा झामीरबेक जुमागुलोव ने गोल किए तो थ्री स्टार की तरफ से सिर्फ संतोष श्रेष्ठा, प्रलय राजभंड़ारी तथा प्रदीप महार्जन गोल करने में सफल हुए।
|