|
|
| पखताकोर को बढ़त |
ताशकंत: गत विजेता पखताकोर ने किझिलकुम को 3-2 से पराजित कर उज़बेकिस्तान लीग में 21वें दौर के बाद बढ़त हासिल कर ली है।
पखताकोर के अब 55 अंक हो गए है जो कुरूवची (बुनयोदकोर) से एक अंक ज्यादा है। हालाँकि बुनयोदकोर ने एक मैच कम खेला है।
बुनयोदकोर को बुधवार को एएफसी चैम्पियंस लीग क्वार्टर फायनल के दूसरे चरण में ईरान के सैपा की मेजबानी करना है। पहला चरण 2-2 की बराबरी पर छूटा था।
अलेक्सेंडर गैनरिख ने हाफ टाइम से ठीक पहले पखताकोर को पेनल्टी के जरिए आगे किया और इल्होम सुयुनोव ने 57वें मिनट में स्कोर 2-0 किया।
उमीद इसाकोव (61) तथा अलेक्सेंडर स्टाविला (84) ने गोल कर स्कोर 2-2 कर दिया था मगर मैच के अंतिम क्षणों में मिली पेनल्टी को गैनरिख ने गोल में बदलकर पखताकोर को 17वीं जीत दिलाई।
तीसरे स्थान के नेफ्ची ने अन्दिजान को 2-1 से हराया, मशाल ने लोकोमोटिव को उसी स्कोर से मात दी तो उज़डोंगजू को नवाबहोर ने 1-0 से शिकस्त दी।
तीन अन्य मैच बराबरी पर छूटे जिसमें डायनामो को मेटालर्ग ने गोलरहित, सोगदियाना ने एजीएमके को 1-1 और नसाफ ने बुखारा को गोलरहित बराबरी पर रोका।
|
|