|
कुआलालम्पुरः जापान, ईरान, थाईलैंड और लेबनान ने भी अगले साल की एएफसी अंडर-१९ चैम्पियनशिप के लिए क्वालिफाई कर लिया है।
पिछले साल भारत में हुए पिछले संस्करण में उत्तर कोरिया के हाथों फायनल में हारे जापान ने ग्रुप ई को जीतकर मुख्य स्पर्धा में खेलने की पात्रता हासिल की। उन्होने रविवार के अंतिम मैच में मेजबान थाईलैंड को ३-२ से हराया। थाईलैंड ग्रुप में उपविजेता के नाते क्वालिफाई हुआ।
जापान की तरह ही ईरान ने भी अपने ग्रुप के सभी मैच जीतकर क्वालिफाई किया। उन्होने शनिवार को भारत को १-० से हराया। चार बार इस स्पर्धा को जीत चुके ईरान की यह ग्रुप बी में पाँचवी जीत थी और उन्होने एक भी गोल नहीं खाया।
उसी दिन लेबनान की ओमान पर जीत से वह उपविजेता के नाते क्वालिफाई हुआ।
तीन टीमों के ग्रुप ए के मुकाबले होम-एंड-अवे पद्धति से खेले जा रहे है जिसमें यूएई को कुवैत से दुबई में बुधवार को खेलना है तो उसके बाद उनका मुकाबला दमास्कस में ईराक से एक सप्ताह बाद होगा। यूएई के छह अंक है और वह ईराक तथा कुवैत से तीन अंकों से आगे है।
मेजबान टीम के अलावा गत विजेता उत्तर कोरिया, तजाकिस्तान, सीरीया, उज़बेकिस्तान, यमन, चीन, ऑस्ट्रेलिया तथा ११ बार के विजेता दक्षिण कोरिया पहले ही मुख्य स्पर्धा के लिए क्वालिफाई कर चुके है।
ग्रुप ए की दो टीमों के अलावा पूरे पात्रता दौर की श्रेष्ठ तीसरे स्थान की टीम भी मुख्य स्पर्धा में खेलने की पात्रता हासिल करेगी।
|