|
कुआलालम्पुरः गत विजेता उत्तर कोरिया ने चीन, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, उज़बेकिस्तान, यमन, तजाकिस्तान और सीरीया के साथ अगले साल की एएफसी अंडर-१९ चैम्पियनशिप के लिए क्वालिफाई कर लिया है।
ग्रुप एफ के मेजबान चीन और उत्तर कोरिया दोनों ने तीन मैचों से पूरे नौ अंक अर्जित किए। दोनों टीमों का आखिरी मैच अभी शेष है। चीन ने सिंगापुर (७-१), मलेशिया (१-०) और मकाऊ (१०-०) को हराया तो उत्तर कोरिया ने सिंगापुर (३-१), मकाऊ (७-०) तथा मलेशिया (३-१) को मात दी।
पिछले साल भारत में इसी स्पर्धा के सेमीफायनल में जापान के हाथों हारने वाले दक्षिण कोरिया ने इंडोनेशिया (३-१) और वियतनाम (४-१) को हराया। हो ची मिन्ह सिटी में उन्होने तीसरे मैच में गुआम को २८-० से रौंदा। ऑस्ट्रेलिया ने इंडोनेशिया और वियतनाम को एक-समान २-० के स्कोर से तो गुआम को १५-० से शिकस्त दी।
उज़बेकिस्तान ने ताशकंत में ग्रुप डी में अव्वल स्थान पाया। उन्होने यमन (१-०), जॉर्डन (३-१) तथा नेपाल (१-०) को हराया जबकि यमन चार अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। यमन ने नेपाल को ३-० से हराया तथा जॉर्डन के साथ उनका मैच गोलरहित बराबरी पर समाप्त हुआ।
कतर में तजाकिस्तान ने दस अंकों के साथ ग्रुप सी में शीर्ष स्थान पाया। उन्होने कतर और तुर्कमेनिस्तान को एक-समान ४-० के स्कोर से और भूटान को ८-० से मात दी। सीरीया के साथ उनका मैच १-१ से बराबर रहा। सीरीया ने सात अंकों के साथ दूसरा स्थान पाया।
अब तक क्वालिफाई हुई टीमें: तजाकिस्तान, सीरीया, उज़बेकिस्तान, यमन, चीन, उत्तर कोरिया, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया।
|